आनी (कुल्लू)। आनी विकास खंड में 14 अगस्त को हुई भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हालत यह है कि पिछले छह दिनों से रघुपुर क्षेत्र की दस पंचायतों में बिजली गुल है, तो वहीं सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। इससे क्षेत्र के बागवानों का लाखों का सेब सड़ने के कगार पर पहुंच गया है।
वहीं आनी कस्बे में जगह-जगह भूस्खलन से कई भवन खतरे की जद में आ गए हैं। रघुपुर क्षेत्र की करीब 10 पंचायतों में बिजली पानी और मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह से ठप है। यहां तक कि अधिकांश क्षेत्र सड़क सुविधा से महरूम है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि 14 अगस्त के बाद शवाड़ के आसपास मुख्य लाइन के टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। इसका परिणाम है कि करशैइगाड़, रोपा, मुहान, मुंडदढ़ बिश्लाधार, कराड, टकरासी, पोखरी, लगौटी और फनौटी पंचायतों में ब्लैक आउट हो गया है। इसके चलते लोगों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गए हैं।
इससे उनका संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। क्षेत्र की जनता ने विद्युत विभाग से विद्युत लाइन को जल्द दुरुस्त करने की गुहार लगाई है। विद्युत मंडल आनी के अधिशासी अभियंता विजय ठाकुर ने बताया कि भारी बारिश से विद्युत लाइन जगह-जगह से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, इसे जल्द बहाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम तक शवाड़ सेक्शन के करीब 20 ट्रांसफॉर्मर बहाल कर दिए गए हैं। शेष भी जल्द बहाल कर दिए जाएंगे।