संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के ढमाह गांव की आरुषि ने स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा उतीर्ण की है। छात्रा की इस उपलब्धि से स्कूल प्रशासन और परिजनों में खुशी का माहौल है। ग्राम पंचायत नित्थर के अंतर्गत आने वाले राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढमाह में शिक्षा ग्रहण करने वाली आरुषि ने अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रा ने स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति योजना 2023 परीक्षा पास की है। छात्रा के पिता राम लाल और माता चंद्रा देवी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। स्कूल के मुख्याध्यापक रणवीर आनंद का कहना है कि आरुषि अभी छठी कक्षा की छात्रा है। सितंबर में छात्रा ने यह परीक्षा दी थी। अब अगले तीन वर्षों में छात्रा को एक लाख अस्सी हजार की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इससे कि वह शिक्षा क्षेत्र में अपना भविष्य उज्ज्वल करेगी। उन्होंने छात्रा की इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है