संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। राजधानी दिल्ली में 31 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को पंच प्राण की शपथ के साथ संबोधित करेंगे। नेहरू युवा केंद्र कुल्लू युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्र ने बताया कि मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में जिला कुल्लू के 10 युवा भाग लेंगे। सभी युवा अपने-अपने ब्लॉक से मिट्टी के कलशों को लेकर पहले शिमला जाएंगे और वहां से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला युवाओं को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना करेंगे। अमृत कलशों की मिट्टी से कर्तव्य पथ पर अमृत वाटिका और अमृत महोत्सव स्मारक का निर्माण किया जाएगा। संजय छोटू ने बताया कर्तव्य पथ नई दिल्ली में अमृत कलश यात्रा और अमृत महोत्सव के समापन समारोह में आनी ब्लॉक के गां-गांव से एकत्र की गई मिट्टी को नई दिल्ली ले जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह हमारे लिए अविस्मरणीय क्षण है। यह हमारे लिए एक नया अनुभव होगा। यह यात्रा अपने साथ देश के विभिन्न हिस्सों से पौधे भी लेकर दिल्ली आएंगे। 7,500 कलशों में आने वाली मिट्टी और पौधों को मिलाकर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के पास अमृत वाटिका बनाई जाएगी। यह अमृत वाटिका एक भारत श्रेष्ठ भारत का भव्य प्रतीक बनेगी। वीरों को श्रद्धांजलि के रूप में शिलाफ लकम स्थापित किया जाएगा।