संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल की वन रेंज सरांह में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान देवदार के 39 स्लीपर बरामद किए हैं। इस दौरान आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। वन विभाग की टीम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात वन विभाग वन परिक्षेत्र सरांह की टीम गश्त पर थी। इस दौरान उन्होंने एक जीप में देवदार के स्लीपर बरामद किए। वन रक्षक नितिन कुमार ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कुछ स्लीपर गाड़ी में लोड किए गए थे जबकि 24 स्लीपर सड़क के किनारे रखे थे। आरोपी चालक वन विभाग की टीम को देखकर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने गाड़ी और स्लीपर को कब्जे में ले लिया है। एचसी राजेश कुमार मामले में तफ्तीश कर रहे हैं। इससे पूर्व गत शनिवार को भी वन विभाग की टीम ने कुपवी के काकरा में गश्त के दौरान देवदार के 31 स्लीपर बरामद किए थे। डीएसपी चौपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने कहा कि पुलिस थाना चौपाल में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।