दिवाली और धनतेरस को लेकर सजा रामपुर का बाजार चाइनीज से अधिक स्वदेशी सामान में लोगों की दिलचस्पी संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। दिवाली और धनतेरस काे लेकर रामपुर का बाजार सज गया है। दिवाली को लेकर अभी से रौनक बढ़ गई है। भीड़ बढ़ने से व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं। लोगों को हाथों से बने मिट्टी के दीये, झूमर और झालर बहुत पसंद आ रहे हैं। बाजार में चाइनीज सामान भी बिक रहा है, लेकिन लोगों को स्वदेशी सामान अधिक पसंद आ रहा है। मिट्टी के दीयों और फूलों की लड़ियों की अधिक मांग है।
दिवाली पर दुकानदारों ने इलेक्ट्रॉनिक आइटम पर भी विशेष छूट दी है। आभूषणों की दुकानों की ओर से भी ऑफर दिए जा रहे हैं। बर्तनों की दुकानें भी पूरी तरह से नए सामान से भर गई हैं। बाजार में वीरवार को भी पूर्वाहन 11:00 बजे के बाद खरीदारों की भीड़ रही। बाजार में लाइटें, झालर, हैंगिंग लाइट, इलेक्ट्रिक दीये, रंगबिरंगी लाइट की लड़ियों समेत कई सजावट के सामान दुकानें में सजे हैं। इन सब सामानों की खूब खरीदारी भी हो रही है। बाजार में सजावट का सामान 50 रुपये से लेकर बीस हजार तक मिल रहा है। लोगों में फूलों और रंगबिरंगी लाइटों के झालरों का अलग ही क्रेज दिख रहा है। रामपुर बाजार में शिमला, कुल्लू, किन्नौर और मंडी जिले के दुर्गम क्षेत्रों से लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
दिवाली पर घरों को सजाएंगी
हेमलता, सुभद्र, कुसुम, योगिता, यशोदा और पार्वती सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि 18 अक्तूबर को धनतेरस और 20 अक्तूबर को दिवाली की भीड़ बाजार में दिख रही है। लोगों ने घरों में दिवाली की साफ-सफाई करना शुरू कर दिया। दिवाली पर लोग घरों को सजाएंगी। दिवाली की तैयारियों और सजावट के सामान खरीदने के लिए लोग बाजार आ रहे हैं। लोगों का स्वदेशी सामान की तरफ अधिक रूझान देखने को मिल रहा है।
रामपुर बाजार में दिवाली की खरीदारी करते लोग। संवाद