पांच पंचायतों के हजारों लोगों को आवाजाही के लिए झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। रामपुर से कोयल-बायल-नित्थर सड़क बड़े वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद है। लंबे समय से यातायात ठप होने से हजारों लोगों को बस सुविधा नहीं मिल रही है। कई जगह अभी भी मलबा पड़ा है। डरोपा बेली ब्रिज के पास डंगा गिरा हुआ है। इस कारण बड़े वाहनों की आवाजाही मुश्किल है। हालांकि, दूध से भरे टैंकर की यहां से आवाजाही हो रही है। बस सेवा न चलने से पांच पंचायतों के ग्रामीण परेशान हैं। गड़ेज, देहरा, नित्थर, लोट, पलेही और शिल्ली पंचायत के ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को आने-जाने के लिए दुश्वारियां बढ़ी हुई हैं। मरीजों को निजी वाहनों में अधिक किराया देकर अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। लोक निर्माण विभाग ब्रौ के सहायक अभियंता चंद्र कश्मीरी का कहना है कि डरोपा से सड़क को बहाल करने की कोशिश जारी है। पिछली तरफ भी जगह कम है और अगली तरफ से डंगा गिरा हुआ है। हिमाचल पथ निगम बस अड्डा प्रभारी रामपुर स्वरूप दीवान का कहना है कि बसें अभी भी कई स्थानों पर फंसी हैं। जैसे ही मार्ग बहाल होगा, बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।