कुड़ी धार में खराब हुई रामपुर-करागला बस। संवाद
लोगों ने नई बस चलाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। रामपुर से करागला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस बुधवार शाम को करीब छह बजे कुड़ी धार में खराब हो गई। इस घटना से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, क्षेत्र के लोगों का कहना है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें अक्सर 10-15 दिन में आधे रास्ते में खराब हो जाती हैं। इसका सीधा असर स्थानीय लोगों पर पड़ता है। इस बस के बार-बार खराब होने से पंचायत बड़ाच, देलठ और करंगला के लोगों को विशेष रूप से दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने निगम से इस रूट पर बेहतर सेवा प्रदान करने का आग्रह किया है। रूप दास, भूपेंद्र सिंह, रोशन लाल, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार, सुशील कुमार, गीता देवी और निशा देवी सहित कई ग्रामीणों ने इस रूट पर नई बस चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बस के खराब होने से लोगों को लगातार परेशानी हो रही है। नई बस से यात्रियों को बार-बार होने वाली असुविधा से मुक्ति मिलेगी। ग्रामीणों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम से जल्द इस मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया है।