सड़क निर्माण से शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। प्रदेश के चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में बढ़ती वाहनों की संख्या और ट्रैफिक जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आए दिन जाम की समस्या से हजारों लोग जूझ रहे हैं। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए वर्षों पूर्व खोपड़ी ब्रौ पुल सड़क का शिलान्यास हुआ था, लेकिन उसके बाद सड़क निर्माण का मामला ठंडे बस्ते में है। ऐसे में हजारों लोग समस्याएं झेलने को मजबूर हैं।
रामपुर नगर परिषद के वार्ड-पांच खोपड़ी से ब्रौ पुल के लिए सड़क निर्माण की योजना तैयार की गई थी। इस सड़क के बनने से शहर आने वाले वाहनों को वजीर बावड़ी वाया ब्रौ पुल होकर आने की सुविधा मिलनी थी। वहीं, शहर के साथ सटी ब्रौ पंचायत के लोगों को भी इस सड़क का लाभ पहुंचना है। इस सड़क के बनने से शहर में नेशनल हाईवे-पांच के साथ-साथ एक वैकल्पिक सड़क का भी क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।
तीन वर्ष पूर्व 2021 को भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने इस सड़क के निर्माण की आधारशिला रखी थी। उसके बाद प्रदेश के सत्ता परिवर्तन के साथ ही खोपड़ी ब्रौ पुल सड़क का निर्माण भी फाइलों में दफन होकर रह गया। इस सड़क के बनने से जहां शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी, वहीं ब्रौ पुल के साथ खुली जगह होने से वाहनों को पार्क करने की सुविधा भी मिल पाएगी। इससे न तो शहर में जाम की समस्या रहेगी और न ही वाहनों को पार्क करने की।
बीते तीन वर्षों से इस सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा या फिर नगर परिषद इसको लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। हाल ही में स्थानीय विधायक नंद लाल ने भी इस सड़क के निर्माण का मामला उठाया, जिस पर लोक निर्माण विभाग ने सर्वे करने की बात कही। बहरहाल, सड़क निर्माण का मामला लटका हुआ है और शहर आने वाले हजारों लोगों को अभी सड़क निर्माण के लिए इंतजार करना होगा।
खोपड़ी से ब्रौ पुल सड़क निर्माण नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आता है। यदि नगर परिषद विभाग को सड़क निर्माण के लिए कहती है, तो विभाग जल्द सर्वे करेगा।
- एसके नेगी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर