रेत से भरी कैंपर के खड़ी चढ़ाई से वापस होने के कारण पेश आया हादसा, प्रशासन ने मृतक और घायलों के परिजनों को जारी की फौरी मदद, हादसे में सड़क से करीब 70 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी कैंपर
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के 15/20 क्षेत्र के गानवी में मंगलवार देर शाम एक बोलेरो कैंपर दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया है, जबकि घायलों का उपचार भी खनेरी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुटी है।
पुलिस थाना झाकड़ी की जानकारी के अनुसार, बोलेरो कैंपर एचपी 25ए-1850 मंगलवार शाम को ज्यूरी से गानवी की ओर निकली, जिसमें चालक सहित चार लोग सवार थे। देर शाम छह बजे जैसे ही कैंपर गानवी बाजार से पहले मोड़ पर पहुंची तो यहां खड़ी चढ़ाई पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कैंपर चढ़ाई से वापस आते हुए हादसे का शिकार हो गई। कैंपर सड़क से करीब 70 मीटर नीचे गानवी खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में शिमला जिले के तहसील रामपुर, गांव मोलगी के 48 वर्षीय राम लाल पुत्र शाड़ू राम की मौके पर ही मौत हो गई। मोलगी गांव के ही 42 वर्षीय राधा देवी, पत्नी राम लाल और 30 वर्षीय अर्जुन, पुत्र नरायण दास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी गानवी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण राहत कार्यों में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद मृतक और घायलों को घटनास्थल से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया। घायलों को भी प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं हादसे में एक व्यक्ति सुरक्षित बताया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने मृतक और घायल राधा देवी के परिजनों को 15 हजार और एक अन्य घायल अर्जुन के परिजनों को तीन हजार रुपये की फौरी मदद जारी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसका पोस्टमार्टम करने के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के दो घायलों का खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुटी हुई है।