10 करोड़ से बने बस अड्डे में धूल और दलदल की समस्या से जूझ रहे यात्री
विज्ञापन
बस अड्डे में खड़े कंडम वाहन भी नहीं हटा पा रहे पुलिस और परिवहन विभाग
जगह-जगह फैली गंदगी, कचरे के लगे ढेर, परिवहन निगम प्रबंधन से सुधार की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर के नए बस अड्डे में अव्यवस्थाओं के अंबार से यात्री परेशान होते हैं। करोड़ों की लागत से बने बस अड्डे में धूल, दलदल, कूड़ा-कचरा और कंडम वाहन परेशानी का सबब बने हुए हैं। इनसे बस अड्डा पहुंचने वाले लोग रोज दिक्कतें झेलते हैं। वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोगों ने रोष जताया है। करीब 12 साल पहले रामपुर के हजारों लोगों को 10 करोड़ रुपये की लागत से नए बस अड्डे की सौगात मिली थी, लेकिन कुछ ही वर्षों में बस अड्डे में अव्यवस्था का आलम बढ़ने लगा। पूर्व में जहां बस अड्डा बरसात के समय तालाब में तब्दील हो जाता था, वहीं अब बस अड्डे के प्रवेशद्वार के पास कूड़े-कचरे के ढेर लगे रहते हैं। बस अड्डा परिसर में पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से इंपाउंड किए गए वाहन रखे गए हैं, जो यात्रियों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। यहां खड़े कंडम वाहनों के साथ दलदल बना हुआ है। निकासी की उचित सुविधा न होने के कारण गंदे पानी का तालाब बना हुआ है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। पुराने वाहन खड़े होने के कारण यहां सफाई करना भी मुश्किल है। एक ओर दलदल तो दूसरी ओर बस अड्डे में धूल की समस्या से भी यात्री जूझ रहे हैं। रोजाना हजारों लोग बस सेवाओं के लिए बस अड्डे में पहुंचते हैं और धूल की समस्या से दो चार होते हैं। यही नहीं बस अड्डे में कचरा प्रबंधन के भी उचित इंतजाम नहीं हो पा रहे हैं। बस अड्डे में कई जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जो स्वच्छ भारत अभियान को खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। बस अड्डे में कचरा प्रबंधन की समस्या भी कई वर्षों से बनी हुई है। परिवहन निगम प्रबंधन की अनदेखी हजारों यात्रियों की परेशानी का सबब बनी हुई है। अव्यवस्था के कारण बस अड्डा पहुंचने वाले लोग परिवहन निगम की कार्यप्रणाली को कोसते हैं।
बस अड्डे से खटारा वाहनों को हटाया जाए
क्षेत्र के यशवंत शर्मा, अनिल कुमार, बिहारी लाल, किशोर कुमार, राकेश कुमार, ललित ठाकुर, मदन कुमार, यशपाल ठाकुर, रामेश्वर, दिलसुख ठाकुर सहित अन्य लोगों ने कहा कि करोड़ों की लागत से बने बस अड्डे में धूल, दलदल और कचरे की समस्या बनी हुई है। सरकार और निगम प्रबंधन को बस अड्डे में खड़े किए गए खटारा वाहनों को हटाना चाहिए। उन्होंने बस अड्डे में आवश्यक सुधार की मांग उठाई है।
बस अड्डे में खड़े किए गए इंपाउंड वाहनों को हटाने के बारे में परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से पत्राचार किया गया है, लेकिन अब तक वाहन नहीं हट पाए हैं। बस अड्डा परिसर में सफाई के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे। - हुमेश ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम रामपुर