दिवंगत विधायक नंदलाल के निधन पर रामपुर बाजार में बंद का दिखा मिला-जुला असर
विज्ञापन
.सर्वहितकारी व्यापार मंडल ने बुधवार को बाजार बंद रखने का लिया था निर्णय . कई दुकानदारों ने बंद रखीं दुकानें तो कुछ ने किया कारोबार संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक नंदलाल के निधन पर बुधवार को रामपुर बाजार में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। सर्वहितकारी व्यापार मंडल ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया था। व्यापार मंडल के निर्णय के तहत बाजार बंद रखकर दिवंगत विधायक नंदलाल को श्रद्धांजलि देने का आह्वान किया गया। हालांकि, बाजार में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं, तो कुछ दुकानदारों ने दुकानें खुली रखकर कारोबार किया। दिवंगत विधायक नंदलाल के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। व्यापार मंडल ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल का मंगलवार को शिमला के चमियाना अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वह 72 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद रामपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय तक रामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नंदलाल के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत सहित रामपुर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।