रामपुर कॉलेज में प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के दिए टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर कॉलेज में आउटगोइंग कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए यूजीसी नेट, सेट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष ऑनलाइन और ऑफलाइन कोचिंग व्याख्यान का शुभारंभ किया। प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा के दौर में विद्यार्थियों को सही दिशा और उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता है। यह विशेष व्याख्यान शृंखला विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राजेश नेगी, डॉ. प्रताप ठाकुर, प्रो. नरेंद्र सैनी सहित अन्य मौजूद रहे। इस शृंखला के अंतर्गत विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ समय-समय पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का यह प्रयास विद्यार्थियों को यूजीसी नेट, सेट, बैंकिंग, एसएससी, एचएएस और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होेगा।