गर्मी की तपिश से मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मटर की फसल हो रही थी प्रभावित
तापमान में गिरावट से बढ़ी उम्मीदें
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/डंसा। मौसम के बदले तेवरों के बीच मंगलवार दोपहर बाद हुई बारिश ने किसानों और बागवानों को बड़ी राहत दी है। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने से कृषि और बागवानी को नई संजीवनी मिलने की उम्मीद जगी है।
बीते दो सप्ताह से लगातार तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण खेतों और बगीचों पर गर्मी का असर नजर आ रहा था। निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मटर सहित अन्य नकदी फसलें प्रभावित होने की कगार पर पहुंच चुकी थीं। खासकर नोग वैली और आसपास के इलाकों में मटर की फसल फूलों के दौर में होने के चलते सूखे की आशंका से किसान चिंतित थे।
तेज गर्मी के कारण बागवानी पर भी असर पड़ने लगा था। सेब बहुल क्षेत्रों में फ्लावरिंग का दौर थमने के बाद बारिश की सख्त जरूरत महसूस की जा रही थी। प्राकृतिक परिस्थितियों के चलते पहले से ही चुनौतियों का सामना कर रहे बागवानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। मंगलवार को हुई बारिश से न केवल तापमान में गिरावट दर्ज की गई, बल्कि खेतों और बागों को जरूरी नमी भी मिल गई है। इससे आने वाले दिनों में फसलों की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। वहीं पशुपालकों के लिए भी यह बारिश लाभकारी साबित होगी, क्योंकि इससे पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता बढ़ेगी।
किसान सुंदर सिंह, बाला नंद, राजेश्वर, हिम्मत सिंह, जगत सिंह, दौलत राम, केदार सिंह, मनमोहन सिंह, घनश्याम, यशपाल और होरी लाल का कहना है कि आलू, मटर, गेहूं और जौ की फसलों के लिए बारिश बेहद जरूरी थी। कई दिनों से किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे और अब हुई बारिश से उन्हें राहत के साथ बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बंधी है।