रोहडू (चौपाल)। बंगलूरू में लॉकडाउन के बीच फंसे विद्यार्थियों समेत 21 लोगों को प्रशासन ने एचआरटीसी बस से उपमंडल चौपाल पहुंचाया। चौपाल में तहसीलदार उमेश शर्मा और पुलिस थाना प्रभारी हुकम चंद की उपस्थिति में मेडिकल टीम ने सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच की। स्वास्थ्य जांच के बाद प्रशासन ने सभी को राजस्व सदन चौपाल, पंचायत भवन नेरवा और मंदिर सराय सरांह में 14 दिन के लिए संस्थागत क्वारंटीन किया। तहसीलदार उमेश शर्मा ने क्वारंटीन किए गए सभी लोगों को हिदायत दी कि यदि कोई क्वारंटीन के नियम तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि अपने-अपने फोन में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करें। इस अवसर पर डॉ. स्मृति, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुभाष ठाकुर, सुरेश लता, सोनू, राजस्व कानूनगो प्रेम सहित राजेंद्र झरटा उपस्थित रहे।