ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। कुशवा गांव में द कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित की ब्रौ शाखा ने नाबार्ड के सौजन्य से डिजिटल वित्तीय साक्षरता जागरूकता शिविर लगाया। शुक्रवार को लगे शिविर में कुशवा पंचायत के ग्रामीणों ने भाग लिया। ब्रौ शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक राम गोपाल नेगी ने कुशवा, किन्दला, कटेर, रोपड़ी, दोगरी, नादेनु, शाह और किमचा सहित अन्य गांवों के लोगों को बैंक की ऋण सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित एटीएम, एनईएफटी, आरटीजीएस, नेट बैंकिंग और यूपीआई के इस्तेमाल की जानकारी दी। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में भी जागरूक किया। शिविर में ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए।