रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी मेडिकल सर्विस ठेका मजदूर यूनियन संबंधित सीटू के बैनर तले मजदूरों ने मंगलवार को खनेरी अस्पताल मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। यूनियन के अध्यक्ष राजन और सीटू शिमला जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन एवं ठेकेदार अस्पताल में कार्य कर रहे ठेका मजदूरों पर लगने वाले श्रम कानूनों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। यूनियन ने समय-समय पर लिखित एवं मौखिक रूप से अपनी समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष उठाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अस्पताल प्रशासन पर मजदूरों की अनदेखी का आरोप लगाया। यूनियन के नेताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन, ठेकेदार और यूनियन के बीच श्रम अधिकारी रामपुर के समक्ष लिखित में 2013 को समझौता हुआ है। इसमें सभी पक्षों ने माना था कि श्रम कानूनों को कड़ाई से लागू किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार ने अभी तक समझौते की सभी शर्तों को लागू नहीं किया गया है। अस्पताल में कार्य कर रहे मजदूरों को ईपीएफ और ईएसआई का रिकॉर्ड बार-बार मांगने पर भी अभी तक नहीं दिया गया है। यूनियन ने मांग की है कि यदि प्रबंधन ने मजदूरों की समस्याओं और मांगों का कोई समाधान नहीं किया तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन और ठेकेदार की होगी। धरने में नीमू, आशा, राम दास, रेखा, राजन, सूरज, विकास, राकेश, मंजू, सर्वेश, शीलू, दीपिका, साहिल राणा, अमन, दयाल सिंह आदि ने भाग लिया।