रोहड़ू। सीपीआईएम बैनर के तले बुधवार को किसानों के विभिन्न संगठनों ने रोहड़ू में रोष प्रदर्शन किया। संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। सीपीआईएम के प्रदेश महासचिव संजय चौहान ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की ओर से भूमि संबंधित विषय पर यथास्थिति के आदेश देने के बाद भी राजस्व और वन विभाग बेदखली की प्रक्रिया नहीं रोक रहे हैं। ज्ञापन में मांग रखी है कि सभी फसलों के लिए एमएसपी और कानूनी गारंटी के साथ खरीद सुनिश्चित की जाए। नया श्रम कानून रद्द किया जाए। किसी भी रूप में ठेका प्रथा, आउटसोर्स न हो। संगठित, असंगठित मजदूरों को ठेका और योजना कर्मी, खेत मजदूर के लिए 26 हजार रुपये मासिक राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन, 10 हजार रुपये मासिक पेंशन और सामाजिक सुरक्षा लाभ लागू किया जाए। किसानों और कृषि श्रमिकों का कर्ज माफ किया जाए। इसके बाद कम ब्याज पर ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इस दौरान विभिन्न संगठनों ने जुडे लोगों ने नारेबाजी की।
रोहड़ू बाजार में विरोध प्रदर्शन करते किसान संगठन और सीआईटीयू के सदस्य। संवाद