रामपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते सीटू कार्यकर्ता। स्रोत : सीटू
केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
रामपुर बुशहर। सीटू क्षेत्रीय समन्वय समिति रामपुर ने केंद्र सरकार की जारी चार लेबर कोड की प्रतियां जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया। सीटू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह और मिलाप नेगी ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई के बीच इन कोड की अधिसूचना मेहनतकश लोगों पर जंग के एलान से कम नहीं है। केंद्र सरकार अपने पूंजीवादी साथियों के साथ मिलकर देश को मालिक-नौकर वाले शोषण वाले दौर में वापस ले जाने की कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार के मजदूर विरोधी चार लेबर कोड की अधिसूचना के 24 घंटे के अंदर लाखों मजदूरों में रोष है। ये कोड लागू हुए तो आने वाली पीढि़यों की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। सीटू ने अपने सभी सदस्यों से अपील की है कि अभी से काम की जगहों पर काले बैज पहनकर विरोध दिखाएं। सोमवार से गेट मीटिंग, नुक्कड़ मीटिंग, बस्तियों में मीटिंग जंग के स्तर पर होनी चाहिए। सीटू ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि लेबर कोड वापस नहीं लिए गए, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में सेब उत्पादक संघ के राज्य सचिव पूर्ण ठाकुर, सीटू जिला कमेटी सदस्य देवेंद्र, मंजू, मानिता, मीना, सुशीला, संतोष, राजू राणा, तवारी, किरण और सुनीता सहित अन्य मौजूद रहे।