ठियोग (रामपुर बुशहर)। देश में बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर युवा कांग्रेस ठियोग कुमारसैन के अध्यक्ष मदन शर्मा की अगुवाई में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में ठियोग बाजार से रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय तक रोष प्रकट किया। इस दौरान एसडीएम ठियोग केके शर्मा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन के माध्यम से से तेल की कीमतों में लगाम लगाने की मांग उठाई गई। मदन शर्मा ने बताया कि देश कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से जूझ रहा है और सरकार महंगाई बढ़ाने में लगी हुई है। इस मौके पर राजीव गांधी पंचायती राज के प्रदेश संयोजक दीपक राठौर, पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा, शहरी युकां अध्यक्ष सनी शर्मा और कई कार्यकर्ताओं मौजूद रहे।