जुब्बल के पीओ सेल ने किन्नौर के टापरी से किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस थाना जुब्बल की पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने एक लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जिला किन्नौर के टापरी क्षेत्र से पकड़ा गया। उसकी पहचान विजय कुमार, निवासी जुब्बल, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में धारा 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत चेक बाउंस का मामला दर्ज किया गया था। जमानत मिलने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके चलते न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पीओ सेल ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को टापरी से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जेएमएफसी न्यायालय, जुब्बल में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई जिला शिमला पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में सहयोग करना है।
एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि जिला शिमला पुलिस उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।