ननखड़ी की 18 पंचायतों में ग्राम सभा, 16 में पूरा हुआ कोरम
. देलठ और खुन्नी पनोली पंचायत में कोरम पूरा न होने से प्रभावित हुई कार्यवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी विकास खंड की 18 पंचायत में शुक्रवार को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में पंचायतों में आगामी समय में किए जाने वाले विकास कार्यों और योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई। पंचायतों के प्रस्तावित कार्यों की शेल्फ डाली गई। ग्रामसभाओं में ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत क्षेत्र के विकास, आगामी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। खंड विकास अधिकारी ननखड़ी मनोज कुमार ने बताया कि विकास खंड की 16 ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा के लिए निर्धारित आवश्यक कोरम पूरा हो गया है। इन पंचायतों में ग्रामसभा की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी की गई। वहीं, ग्राम पंचायत देलठ और खुन्नी पनोली में आवश्यक कोरम पूरा नहीं हो सका, जिसके चलते वहां ग्रामसभा की निर्धारित कार्रवाई प्रभावित हुई। इन दोनों पंचायतों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई पंचायत स्तर पर की जाएगी। ग्रामसभाओं में पंचायत क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा के साथ मनरेगा कार्यों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके अलावा पंचायत की वार्षिक विकास योजना, प्राथमिकता वाले कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और पात्रता से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठकों में पंचायत के आय-व्यय, विकास कार्यों, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे। ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दे ग्राम सभा के समक्ष रखे, जिन पर चर्चा कर आगामी कार्यों के लिए प्रस्ताव एवं अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की गई। अन्य जरूरी विषयों पर भी ग्राम सभा में विचार किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।