ब्लाक रोहड के साथ सिवरेज से निकल रहा गंदा पानी साथ में पेयजल लाईने
- फोटो : RAMPUR-HP
रोहडू। ब्लॉक रोड रोहडू में दो दिन से सीवरेज की गंदगी सड़क पर बह रही है। गंदगी की बदबू से आसपास के लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना के बाद भी नगर परिषद और संबंधित विभाग की ओर से लाइन को ठीक नहीं किया जा रहा है।
जगीतठा निवास के साथ ब्लॉक रोड पर दो दिन पहले लोगों के घरों से जुड़ी सीवरेज पाइप टूट चुकी है। जिस स्थान पर सीवरेज की पाइप टूटी है, वहां पर पीने के पानी की लाइन के भी कई क्नेक्शन हैं। सीवरेज की लाइन के साथ बाजार के गंगटोली क्षेत्र की पेयजल लाइन में भी लीकेज है। पेयजल की पाइप में लीकेज के कारण पानी दूषित होने की भी संभावना है। स्थानीय निवासी अनिल कुठियाला, शशी कपटा, पीडी जगीतठा सहित आसपास के घरों में रहने वाले लोग इसकी आईपीएच व नगर परिषद रोहडू को कई बार सूचना दे चुके हैं। अनिल कुठियाला ने बताया कि दो सप्ताह पहले पक्का की गई सड़क को लाइन ठीक करने के लिए खोदा गया पर सीवरेज लाइन ठीक नहीं हुई। गंदगी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष राधेश्याम ने बताया कि इसकी सूचना आईपीएच विभाग की दी है। सीवरेज की देखरेख आईपीएच विभाग करता है।
आईपीएच रोहडू के एसडीओ पीपी शर्मा ने बताया कि गंगटोली में सिवरेज लाइन बंद होने के बाद कर्मचारियों को मौके पर खोलने के लिए भेजा गया था। उसके बाद भी यदि लाइन नहीं खुली तो दोबारा कर्मचारी भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाइन को देखने के लिए खोदी गई सड़क को ठीक किया जा रहा है। लोगों की दोबारा शिकायत मिल चुकी है।