सरकाघाट बास्केटबॉल हॉस्टल के लिए हुआ किन्नौर की प्रिया नेगी का चयन। संवाद
मंडी के बास्केटबाल हॉस्टल के लिए हुआ छात्रा का चयन
शिक्षा के साथ बास्केटबाल की बारीकियां सिखेगी छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
किन्नौर जिले की प्रिया नेगी का मंडी जिले के सरकाघाट स्थित बास्केटबाल गर्ल्स हॉस्टल के लिए चयन हुआ है। शिक्षा के साथ-साथ अब प्रिया बास्केटबाल खेल की बारीकियां भी सीखेगी। प्रिया नेगी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव की नौवीं कक्षा की छात्रा है। प्रिया नेगी की इस उपलब्धि के पीछे डीपीई मोहन नेगी और राजकीय माध्यमिक पाठशाला यांगपा-2 के कला अध्यापक किरण बिष्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों अध्यापक पिछले तीन साल से छात्रा को लगातार प्रशिक्षण दे रहे थे। उन्होंने मैदान में बास्केटबाल की बारीकियां सिखाकर छात्रा को इस मुकाम तक पहुंचाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव के प्रधानाचार्य अनिल नेगी, माध्यमिक पाठशाला यांगपा-2 के हेडमास्टर देव नेगी, एचटी पालदान जंगमो, टीजीटी प्रतिभा नेगी और एलटी स्नेह लता नेगी ने छात्रा को स्मृति चिह्न और खातक भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य अनिल नेगी ने कहा कि डीपीई मोहन नेगी और कला अध्यापक किरण बिष्ट दोनों ही अत्यंत मेहनती शिक्षक हैं, जो छुट्टियों में भी बच्चों को प्रशिक्षण देते हैं। दोनों शिक्षक घर से दूर रहकर बच्चों को कोचिंग प्रदान करते हैं और उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज किन्नौर की छात्रा प्रिया नेगी का चयन मंडी सरकाघाट बास्केटबाल हॉस्टल के लिए हुआ है। प्रदेश के इस हॉस्टल के लिए केवल पांच सीटें थीं, जिनमें प्रिया नेगी ने अपना चयन सुनिश्चित कर अपने गांव, विद्यालय और किन्नौर जिले का नाम रोशन किया है। अभिभावकों ने भी किरण बिष्ट और मोहन नेगी को खातक और किन्नौरी टोपी पहनाकर सम्मानित किया।