चार दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर पर होगा परीक्षा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रिकांगपिओ में पर्यवक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। चार दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर का सर्वे (नेशनल अचीव्मेन्ट सर्वे) होना है। इसकी तैयारी अगस्त से की जा रही है।
इस सर्वे में जिला जिला किन्नौर के सरकारी. निजी और सीबीएसई के 60 स्कूल शामिल होंगे। इन स्कूलों में कक्षा 3, 6 और 9 के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रशिक्षण में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि यह सर्वे महत्वपूर्ण है। इसमें सरकारी के साथ-साथ निजी स्कूलों की भूमिका भी अहम होती है, क्योंकि निजी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण लगभग सभी निजी स्कूलों का चयन इस परीक्षा के लिए किया जाता है। उपायुक्त ने आह्वान किया की अध्यापकों के साथ-साथ अभिभावक भी बच्चों को परीक्षा के लिए तैयार करें, ताकि हमारे जिले का नाम ऊंचा हो।
गौरतलब है कि इसी सर्वे परिणामों के आधार पर राज्यों और जिलों की रैंकिंग की जाती है। इस अवसर पर बसंत कुमार नेगी उपनिदेशक गुणवत्ता जिला किन्नौर और कुलदीप नेगी उपनिदेशक उच्च एवं प्रारम्भिक शिक्षा जिला किन्नौर उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त समन्वयक बृज मोहन नेगी, प्रीतम नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।