स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते एसडीएम जुब्बल। संवाद
रोहड़ू। जुब्बल प्रशासन ने 15 अगस्त को होने वाले उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज कर दी हैं। वीरवार को एसडीएम गुरमीत नेगी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें समारोह की रूपरेखा पर चर्चा हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एसडीएम गुरमीत नेगी ने बताया कि समारोह में क्षेत्र के विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महिला मंडलों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी समारोह का विशेष आकर्षण होंगी। एसडीएम ने जुब्बल के सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए। पुलिस और होमगार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया।