रामपुर बुशहर। रामपुर में ऑल इंडिया इनवाइटेड वॉलीबाल चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए सोमवार को वॉलीबाल एसोसिएशन ने बैठक की। बैठक में वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष बांका राम भलूनी ने कहा कि दिवंगत वीरभद्र सिंह और शहीद पवन कुमार धंगल की याद में 14 से 16 अप्रैल तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें देश की श्रेष्ठ आठ टीमें और क्षेत्र की 20 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 75,000 रुपये और उपविजेता टीम को 45,000 रुपये की राशि से नवाजा जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। नाइट मैच के लिए फील्ड और आसपास के क्षेत्रों में रोशनी की समुचित व्यवस्था की गई है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूनी, राजेंद्र ठाकुर, दर्शन दास कायथ, रमेश भारद्वाज, प्रेम मेहता, राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद