नित्थर (कुल्लू)।
नित्थर क्षेत्र के धनाह गांव में वीरवार को देवता साहिब रखाऊ नाग और धनेश्वरी माता के सानिध्य में मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह और श्रीमद् देवी भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। 12 से 18 नवंबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन के लिए ग्रामीण पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटे हुए थे। धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ मंडप स्थापना और आचार्यों के स्वागत के साथ किया गया। कथा वाचन का दायित्व आचार्य मनोज शर्मा और तिशांत गौतम निभाएंगे। आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और ग्रामीण बढ़-चढ़कर धार्मिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। शुक्रवार सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें धनाह गांव की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगी। साथ ही आगामी दिनों में विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान और देवी भागवत कथा का आयोजन जारी रहेगा।