सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देकर लौटे देवता, विदाई के दौरान भावुक हुए ग्रामीण
विज्ञापन
. छत दिन चली प्राण-प्रतिष्ठा सफलतापूर्वक संपन्न संवाद न्यूज एजेंसी डंसा (रामपुर बुशहर)।
परशुराम की पवित्र स्थली लयापुरी लालसा में दोगणू देवता साहिब के मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न हो गया। अंतिम दिन सोमवार को जाइयों-भांजों और देवताओं को विदाई दी गई। देवता सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देकर अपने देवालय लौट गए। मंदिर समिति के कार-कारिंदों ने देवता साहिब की उपस्थिति में जाइयों-भांजों और देवताओं को विधि-विधान के साथ भावभीनी विदाई दी। इस दौरान ग्रामीण और देवलू काफी भावुक हुए। इससे पूर्व रविवार को देर शाम 11 पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ 10 देवताओं की उपस्थिति में पूर्णाहुति डाली। हजारों श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति के बाद देवताओं से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में चार ठहरी के ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देवता दोगणू और माता मंगला काली मंदिर समिति ने इस धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न करवाने में अभूतपूर्व सहयोग प्रदान किया। मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में चार ठहरी के देवताओं के अलावा कालेश्वर छिज्जा देवठी, जाख देवता रचोली, शिलादेश के महासू थेडा, खंटू सेरी-मझाली, लक्ष्मी नारायण दरकाली और नरेशर देवता साहिब कुमसू ने शिरकत कर शोभा बढ़ाई। माता मंगला काली देवता दोगणू मंदिर समिति प्रधान शीश शर्मा और उप प्रधान मनीष शर्मा ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में शरीक हुए देवताओं को धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए देवता दोगणू की उपस्थिति में 11 हजार की राशि नजराने के तौर पर भेंट की गई है। उन्होंने बताया कि जाइयों और भांजों को भी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए रीति-रिवाज के अनुसार सामान भेंट किया गया। समिति के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को संपन्न करवाने में सहयोग देने के लिए समस्त दशोटी का आभार जताया है। माता मंगला काली और देवताओं से क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की है।
लालसा में प्राण-प्रतिष्ठा में देवताओं को विदाई देते स्थानीय देवता साहिब। संवाद।