न ठंड का और न ही ऊंचाई का डर, युवाओं ने कंधे से कंधा मिलाकर किया कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल के निचला-तराला गांव में भारी बर्फबारी से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिसे गांव के युवाओं और बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक बहाल कर दिया। बर्फ से लदे देवदार के पेड़, फिसलन भरी ढलानें और अत्यधिक ठंड के बावजूद सभी ने एकजुट होकर मिसाल कायम की। बर्फ के भार से प्रभावित बिजली के पोलों पर चढ़कर गांव के कर्मठ युवाओं ने बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। इस दौरान बिजली बोर्ड के लाइनमैन चुनी लाल और पवन ठाकुर ने पूरी निष्ठा और साहस के साथ कार्य किया। न ठंड का भय रहा और न ही ऊंचाई का डर, सभी का एक ही लक्ष्य था कि किसी भी तरह शाम तक गांव में बिजली बहाल हो सके। ग्रामीणों के सहयोग से चले इस अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता दीवान ठाकुर का विशेष योगदान रहा, जिनके समन्वय और नेतृत्व से कार्य तेजी से पूरा हो पाया। उनके साथ पेगी राम, मदन मंजपांगरू, संजू, मुनीश, तेज वीर, रमेश कुमार, राधेश, बिटु, कर्म चंद, पदम कुमार, घनश्याम फौजी, राकेश कुमार, यशपाल, रिंकू, विपिन, संजीव और विपिन कुमार सहित अन्य युवाओं ने भी श्रमदान कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव में बिजली बहाल होते ही लोगों ने राहत की सांस ली और सभी सहयोगियों का आभार जताया। निचला-तराला के युवाओं और विद्युत बोर्ड की यह एकता आपसी सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है।