बारिश से दो साल पहले गिरे डंगे और पुलियों के पास तंग सड़क को भी नहीं किया दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू/ कोटखाई। ठियोग-हाटकोटी-रोहड़ू राष्ट्रीय राज्य मार्ग-705 की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि बागवानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण दो साल पहले गिरे डंगे और पुलियों के पास तंग सड़क पर हादसे का खतरा बना रहता है। छैला पुल, भूई, हूल्ली, कोकूनाला, खड़ापत्थर के दोनों ओर, जुब्बल के भगोली नाला, ऊपर दोची, दोची समेत कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है। कई जगह पर सड़क की सतह लगभग आधा फीट तक धंस चुकी है। कोटखाई में छोल से पहले वाले मोड़ पर करीब दस मीटर सड़क दो साल से धंसी हुई है। यहां पहले भी कई वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इन गड्ढों के कारण वाहनों का गुजरना बेहद कठिन हो गया है और हर रोज दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के मौसम में यह स्थिति और भयावह हो जाती है, क्योंकि बारिश का पानी भरने के बाद गड्ढे नजर नहीं आते हैं।
भारी वाहनों के लिए मुश्किलें
सेब सीजन के लिए एक महीने का समय बचा है। इस सड़क पर लागातर भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। ऐसे में बागवानों की चिंता और भी बढ़ गई है। क्षेत्र के सेब उत्पादक किसानों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो फलों की ढुलाई में भारी दिक्कत आएगी। इससे न केवल आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि उत्पाद की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। बागवानों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। अगर शीघ्र कदम नहीं उठाए गए तो आगामी सीजन में बारिश होने से हालात और बिगड़ सकते हैं। इस सड़क से रोहडू, जुब्बल, कोटखाई और चिड़गांव सहित कई क्षेत्रों से सेब की फसल मंडियों के लिए पहुंचती है।
ठेकेदार को किया है सूचित
सहायक अभियंता एनएच शिव वरदान ने बताया कि इस सड़क का रखरखाव उसी ठेकेदार के जिम्मे है, जिससे पहले यह कार्य किया है। ठेकेदार को सड़क को दुरुस्त करने के लिए सूचित कर दिया गया है। समय रहते ठेकेदार इसे दुरुस्त नहीं करेगा, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी । -
डब्ल लेन एनएच 707 ठियोग हाटकोटी सड़क पर बने गढ्ढे