रोहडू में मुख्य के गेट के सामने लगे कुडे के ढेर
- फोटो : RAMPUR-HP
रोहडू। नगर परिषद रोहडू के सभी वार्डों में दुकानों, घरों और कार्यालय का कचरा सड़क पर फेंका जा रहा। पहले यहां सड़क के किनारे लगाए गए सभी कूडे़दान उठा दिए गए हैं। बरसात में सड़क पर फैला बाजार का कचरा पानी में बह रहा। बाजार में कचरा फेंकने के लिए कोई स्थान भी निर्धारित नहीं है।
करीब एक महीने से रोहड़ू बाजार से नगर परिषद ने सात वार्डों से कूडे़दान हटा दिए हैं। अब लोग घरों का कचरा सड़क पर फेंक रहे हैं। शाम करीब चार बजे से सुबह के नौ बजे तक आम लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। अवकाश के दिन पूरा दिन कचरा सड़क पर बिखरा रहता है। बरसात के मौसम में बारिश में लोगों के घरों, दुकानों और सरकारी कार्यालय का कचरा पानी में बह रहा है। इससे कहीं पर पानी की निकासी बाधित हो रही तो कहीं पर लोगों के घरों के पास पानी के साथ जमा होकर यह कचरा परेशानी खड़ी कर रहा है। यही नहीं कूड़े के ढेर पर कुत्ते, बेसहारा पशु इकट्ठा हो रहे। रोहडू में आवसीय क्षेत्र से लेकर सरकारी कार्यालय के सामने फैला कचरा स्वच्छ भारत अभियान के तमाम दावों की पोल खोल रहा है। बाजार के लोगों का कहना है कि आसपास कचरा फेंकने के लिए पूरे बाजार में कोई स्थान निर्धारित नहीं है। इसलिए लोग कचरे को सड़क पर फेंकने के लिए मजबूर है।
जल्द सुचारु होगी सफाई व्यवस्था
नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष राधे श्याम ने कहा बाजार में डोर टू डोर गारबेज उठाने की योजना शुरू की जा रही। इसलिए सड़क के किनारे से कूडे़दान उठाए गए हैं, लेकिन इस योजना को सभी वार्डों में शुरू करने के लिए समय लग रहा है। शीघ्र सफाई व्यवस्था को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।