रामपुर बुशहर। रामपुर के नोडल अधिकारी सुरेश कुमार की टीम ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल डंसा और कमला मेमोरियल स्कूल खनेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नकल का कोई मामला नहीं आया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत मंगलवार को बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने राजनीतिक विज्ञान और दसवीं के विद्यार्थियों ने संगीत की परीक्षा दी। रामपुर उपमंडल और किन्नौर में करीब 52 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में विद्यार्थी परीक्षाएं दे रहे हैं। परीक्षा सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक चली। प्रभात, जागृति, सुमन, सिमरन और प्रतिभा सहित अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि राजनीतिक विज्ञान और संगीत की परीक्षा में आसान प्रश्न पूछे गए। परीक्षा केंद्र से निकलते ही विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी छलक रही थी। बुधवार को बारहवीं कक्षा की दर्शन और दसवीं कक्षा के विद्यार्थी गृह विज्ञान की परीक्षा देंगे। नोडल अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि मंगलवार को दो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। विद्यार्थी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा दे रहे है। परीक्षा में नकल का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।