police capured transport employies in gambling case
सांगला (किन्नौर)। पुलिस थाना रिकांगपिओ की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में 4250 मिलीलीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस ने बस अड्डा रिकांगपिओ में जुआ खेलते हुए चार परिवहन कर्मियों को दबोचा है। पुलिस ने मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रिकांगपिओ से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात एएसआई नरेंद्र कुमार कौंडल, आरक्षी विशाल और विकास की टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान कोठी मुख्यद्वार के पास पुलिस ने रिकांगपिओ से कोठी की ओर आ रहे नेपाली मूल के व्यक्ति दल बहादुर से दो हजार एमएल कच्ची शराब बरामद की। वहीं, दूसरे मामले में एएसआई लायक राम, आरक्षी यशपाल और विनय कुमारी की टीम ने पोवारी में एनएच-5 पर नाका लगा रखा था। इस दौरान नाको से पोवारी पहुंचे आनंद कुमार, निवासी बिहार को पुलिस ने शक के आधार पर रोका। उसके बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को 2250 एमएल शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39-1ए के तहत मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, तीसरे मामले में सोमवार दोपहर बाद मुख्य आरक्षी कुलदीप डोगरा, प्रवीण, विशाल और सनी की टीम रिकांगपिओ बस अड्डे में गश्त कर रही थी। यहां उन्होंने पथ परिवहन निगम परिसर में जुआ खेल रहे निगम के तीन चालकों और एक परिचालक को दबोचा। पुलिस ने उनसे ताश और 23 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस ने चालक विनोद, बख्शी, सुनील और परिचालक सुरजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों मामलों की पुष्टि डीएसपी विपिन कुमार ने की है। उन्होंने कहा कि अवैध कार्योें में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।