आनी मेले से पूर्व मतदाता सहभागिता थीम पर प्रतियोगिता करवाई
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)। आनी में पारंपरिक एवं ऐतिहासिक जिला स्तरीय आनी मेले के शुभारंभ से पहले विभिन्न गतिविधियों का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को मतदाता सहभागिता थीम पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक रंगोलियां बनाकर भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संदेशों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में पीएमश्री आनी स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। हिमालय मॉडल स्कूल आनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा मिशन स्कूल और एसवीएम आनी के विद्यार्थियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के अध्यापकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना और मेले के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाना रहा। इस अवसर पर प्रतियोगिता के संयोजक प्रधानाचार्य मनमोहन शर्मा, सीबीपीओ विनोद कटोच और पंचायत सचिव ईश्वर कटोच विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पीएम श्री स्कूल आनी की छात्राओं ने मतदान जागरूकता को लेकर बनाई रंगोली। स्रोत : स्कूल प्रबंधन