झाकड़ी में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद दत्तनगर स्कूल के खिलाडिय़ों का ह
विद्यालय के विद्यार्थियों ने शतरंज में प्रथम स्थान हासिल कर जीता स्वर्ण पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर के विद्यार्थियों ने खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। झाकड़ी और शिंगला में आयोजित अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद विद्यालय लौटे विजेता छात्र-छात्राओं का शिक्षकों और विद्यार्थियों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। झाकड़ी में आयोजित अंडर-19 छात्र वर्ग की प्रतियोगिता में दत्तनगर स्कूल ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रचा। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शतरंज में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। कबड्डी, बैडमिंटन, लोक वाद्य यंत्र वादन और एकल लोक गान प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किए। वहीं, शिंगला में आयोजित अंडर-14 बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी दत्तनगर स्कूल की छात्राओं का दबदबा रहा। छात्राओं ने कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जबकि बैडमिंटन में उपविजेता रही। विजेता प्रतिभागियों के विद्यालय पहुंचने पर परिसर में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों के हाथों में चमचमाती ट्रॉफियां और पदक उनकी सफलता की कहानी बयां कर रहे थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने सभी विजेता विद्यार्थियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता कामराज हस्टा, पीईटी बंधु, सांस्कृतिक प्रभारी एवं प्रवक्ता आईटी रमेश चंद सहित समस्त शिक्षक वर्ग के योगदान की सराहना की। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रवक्ता देवेंद्र सिंह लक्टू सहित कई अन्य मौजूद रहे।