किन्नौर जिले के टापरी चगांव मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हुई पिकअप। स्रोत : जागरूक पाठक
घायलों को छोल्तू अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद खनेरी अस्पताल किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिले के टापरी-चगांव संपर्क सड़क पर जनकपुरी के पास मंगलवार सुबह 7:00 बजे पिकअप गाड़ी सड़क से 150 मीटर नीचे खाई जा गिरी। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। हादसे में वाहन चालक 24 वर्षीय अमन चारस, 27 वर्षीय गौरव चारस और 23 वर्षीय एक नेपाल मूल का व्यक्ति प्रकाश घायल हुए हैं। घायलों का रामपुर के खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मंगलवार सुबह पिकअप गाड़ी टापरी से चगांव जा रही थी। हादसे के दौरान वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना टापरी मुख्य आरक्षी राजेंद्र, आरक्षी पंकज और राजकरण मौके पर पहुंचे। डीएसपी भावानगर राजकुमार ने बताया कि घटनास्थल से स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को छोल्तू अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया। उधर, एसडीएम भावानगर नारायण सिंह चौहान ने कहा कि प्रशासन की ओर से हादसे में घायल हुए व्यक्तियों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत दी गई।