रामपुर में पशु मित्र भर्ती को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिशा निर्देश देते एसडीएम हर्ष
. पशु मित्रों के 19 पदों के लिए पाटबंगला मैदान में होंगे फिजिकल टेस्ट
. महिलाओं को 10 मिनट में 1500 और पुरुषों को 30 मिनट में लगानी होगी पांच हजार मीटर दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पशु मित्र भर्ती को लेकर शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया को लेकर हुए विवाद के बाद अब भर्ती प्रक्रिया में बोरी उठाने की जगह दौड़ को शामिल किया गया है। रामपुर और कुमारसैन उपमंडल में पशु मित्र भर्ती के लिए 11 और 12 अप्रैल को शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया आयोजित होगी। दोनों उपमंडलों में 19 पदों के लिए आयोजित की जा रही इस भर्ती के लिए कुल 210 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। अब महिला अभ्यर्थी को 10 मिनट में 1500 मीटर और पुरुषों को 30 मिनट में पांच हजार मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। रामपुर के पाटबंगला मैदान में शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया आयोजित होगी। रामपुर और कुमारसैन उपमंडल में पशु मित्र भर्ती को लेकर एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। बैठक में पशु चिकित्सालय ज्यूरी के अधीन आने वाले रामपुर उपमंडल के 15 पदों और कुमारसैन उपमंडल के 4 पदों के लिए पशु मित्रों के चयन के लिए शारीरिक परीक्षा के संबंध में चर्चा हुई। बैठक में पशु मित्र नीति-2025 के संशोधित प्रावधानों के अनुरूप चयन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए पशु पालन विभाग, पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि शारीरिक परीक्षा के लिए 11 और 12 अप्रैल की तिथियां निर्धारित की गई हैं। यह परीक्षा राजकीय महाविद्यालय रामपुर के खेल मैदान, पाटबंगला में होगी। 11 अप्रैल को सुबह 8 से 10 बजे तक उपस्थित अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद शारीरिक परीक्षा प्रारंभ होगी। महिला अभ्यर्थियों और कुमारसैन उपमंडल के अभ्यर्थियों की परीक्षा 11 अप्रैल को ही संपन्न करवाई जाएगी, जबकि रामपुर उपमंडल के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन 19 पदों के लिए कुल 210 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 70 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। शारीरिक परीक्षा के अंतर्गत महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1500 मीटर और पुरुष अभ्यर्थियों को 30 मिनट में 5000 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की शारीरिक सहनशक्ति, सामान्य फिटनेस, फुर्ती और कार्य क्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्थल प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शारीरिक परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए एक पृथक समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें तहसीलदार या नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति परीक्षा के संचालन, निगरानी एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगी। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह पशु मित्र एंगेजमेंट कमेटी रामपुर के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं शारीरिक परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ज्यूरी एवं सदस्य सचिव डॉ. अनिल शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।