. देवताओं संग हजारों की संख्या में पहुंचे ग्रामीण और देवलू झूमते हुए पहुंचे राज दरबार
विज्ञापन
. पदम महल परिसर में दिनभर चला नाटियों का दौर . देवता के आशीर्वाद के लिए कतारों में लगे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर शहर में चल रहे जिला स्तरीय फाग मेले के दूसरे दिन समूचा शहर देव धुनों से गूंज उठा। चार दिवसीय मेले के दूसरे दिन शिमला और कुल्लू जिले से आए देवी- देवताओं ने रामपुर शहर में शोभायात्रा निकाली। शहर के गांधी पार्क से शुरू हुई यह शोभायात्रा पदम महल परिसर तक निकाली गई। हजारों की संख्या में देवलू और ग्रामीण वाद्ययंत्रों की ध्वनियों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए राज दरबार पहुंचे। दरबार परिसर में दिनभर नाटियों का खूब दौर चला। ग्रामीणों ने अपने-अपने देवताओं के साथ नाटी डाली। वहीं, खुश्क मौसम के चलते बढ़ी गर्मी में भी देवलुओं और ग्रामीणों ने दिनभर नाटी का दौर जारी रखा। शुक्रवार सुबह शहर के विभिन्न स्थानों पर ठहरे देवी-देवता ठहराव स्थल से निकले और रामपुर शहर की परिक्रमा की। नाचते-गाते हुए देवलू और ग्रामीण मुख्य शहर से एनएच-पांच और यहां से पदम महल परिसर पहुंचे। देवताओं की शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। लोगों की बढ़ती संख्या के कारण दरबार मैदान में तिल धरने तक को जगह नहीं बची। देवी-देवताओं के दर्शन के लिए भी लोगों का तांता लगा रहा। लोग अपने अधिष्ठाता देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने कतारों में खड़े रहे। देवताओं के आगे नतमस्तक होकर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। शाम तक पदम महल परिसर में हजारों लोग मेले का आनंद उठाते रहे। मेला मैदान में बुशहरी नाटी और कुल्लुवी नाटी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। रामपुर में दशकों से आयोजित हो रहे फाग मेले को लेकर आज भी लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। फाग मेला देव आस्था से जुड़ा हुआ एक प्रसिद्ध पर्व है, जिसमें शिमला और कुल्लू जिले की देव संस्कृति का नजारा देखने को मिलता है।
फाग मेले की शोभायात्रा में देवलुओं के साथ जाते देवता। संवाद
फाग मेले की शोभायात्रा में देवलुओं के साथ जाते देवता। संवाद
फाग मेले की शोभायात्रा में देवलुओं के साथ जाते देवता। संवाद