बिजली कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल की बिजली सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। झिकनीपुल से नेरवा विद्युत आपूर्ति करने वाली 22 केवी एचटी लाइन के बार-बार टूटने से लोग परेशान हैं। तार के टूट जाने से नेरवा तहसील का अधिकतर हिस्सा अंधेरे में डूब जाता है। बिजली बोर्ड के कर्मियों को फाल्ट ठीक करने में कई बार पूरा-पूरा दिन लग जाता है। शनिवार की सुबह झिकनीपुल के पास बाग गांव के पास एक बार फिर बिजली की लाइन टूट गई, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तेज बारिश के बीच बिजली कर्मी लाइन जोड़ते रहे। बारिश के बीच जब अधिकांश लोग बिस्तरों में दुबके हुए थे, तो यह कर्मचारी सहायक अभियंता नेरवा अरविंद धीमान के नेतृत्व में पैदल पहाड़ की पगडंडियों को नाप रहे थे। लगभग 11 बजे के करीब झिकनीपुल के निकटवर्ती गांव बाग के निकट बिजली की तार टूटी हुई मिली। तेज हवाओं व बारिश के बीच लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यह दल फाल्ट ठीक करने में सफल हो पाया। दोपहर डेढ़ बजे बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी।