संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू ) । उपमंडल के अंतर्गत कोटखाई से टेहटोली- थरोला बस दो साल से बंद पड़ी हुई है। बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। दिन के समय कोटखाई से घर लौटने वाले लोगों को अब शाम के समय चलने वाली बस का इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दो साल पहले बरसात के बाद बंद बस सेवा को इस रूट पर दोबारा शुरू नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल पहले बरसात के दौरान सड़क बाधित होने के कारण इस रूट पर बस सेवा बंद की गई थी। उसके बाद लोक निर्माण विभाग ने बंद सड़क को कुछ महीने में भीतर बहाल कर दिया, लेकिन बस सेवा अभी तक शुरू नहीं हुई। इस सड़क पर भारी वाहन लगातार चल रहे है। ग्रामीणों ने कहा कि बस सेवा के बंद होने से घलेरा, पुजैली, टेहटोली, सतांडी और बजोहा के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन गांवों के लिए सिर्फ एक मात्र बस जोकि कोर्टखाई से दोपहर बाद साढे बारह बजे चलती थी। अब बस के बंद होने के कारण ग्रामवासियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है । गांव के लोग अब टैक्सी से घर पहुंच रहे हैं। उन्होंने परिवहन निगम प्रबंधन से आग्रह किया कि इस रूट पर शीघ्र बस सेवा को शुरू किया जाए।