राजकीय महाविद्यालय आनी में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजनहरिपुर बाजार में लोगों को यातायात
हरिपुर बाजार में लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी ने रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में हरिपुर बाजार में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों और बाजार में आने-जाने वाले नागरिकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की अपील की। रोड सेफ्टी क्लब के समन्वयक लेफ्टिनेंट अशोक भारद्वाज ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों की जानकारी के साथ-साथ उनका ईमानदारी से पालन करना भी आवश्यक है। रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना था। राजकीय महाविद्यालय आनी ने आम जनता से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।