चौपाल(रोहड़ू)। उपमंडल मुख्यालय कुपवी में बस अड्डा नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप, बारिश या फिर हिमपात के मौसम में लोगों को बसों के इंतजार में खुले आसमान के नीचे घंटों खड़ा रहना पड़ता है। सड़क पर वाहनों के जमावड़े के बीच लोगों को इंतजार के दौरान हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। कुपवी में शाम 4:00 बजे के आसपास ऐसी स्थिति हो जाती है कि कोई भी व्यक्ति बसों और गाड़ियों की चपेट में आ सकता है। जहां बसें और गाड़ियां खड़ी रहती हैं, वहां साथ में प्राइमरी स्कूल और पीएमश्री उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल है। इन स्कूलों को जाने वाला रास्ता भी वहीं से ही गुजरता है। कई बार स्कूली बच्चे बसों और गाड़ियों के बीच फंस जाते हैं। स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह, नरिया राम, सुख राम, मोहन सिंह, कुम्बिया राम, संत राम, जालम सिंह ने सरकार से मांग की है कि कुपवी बस अड्डे के निर्माण कार्य को जल्द शुरू किया जाए ताकि यहां पर उत्पन्न हो रही दुर्घटनाओं से निजात मिल सके।