नेरवा (रोहड़ू)। झिकनीपुल और नेरवा के बीच विद्युत लाइन नेरवा के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इस लाइन में बार-बार दिक्कत आ रही है, जिससे नेरवा में बिजली के लंबे समय तक कट लग रहे हैं और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के दौरान हुली और लस्टाधार को विद्युत आपूर्ति करने वाली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे एक सप्ताह तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। अब झिकनीपुल और नेरवा के बीच की लाइन में दिक्कत आ रही है। इस कारण 10 दिन से बिजली के अघोषित कटों से लोग परेशान हैं। नेरवा विद्युत बोर्ड उपमंडल के सहायक अभियंता भारत भूषण कुमार ने बताया कि लाइन पुरानी है। इस कारण समस्या आ रही है। बोर्ड ने लाइन बदलने के लिए 16 लाख रुपये का एस्टीमेट बना कर भेज दिया है।