लोकमित्र केंद्र, कोष कार्यालय या बैंक शाखाओं में जाकर बनवा सकते हैं पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला कोषाधिकारी कार्यालय किन्नौर ने सभी पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने का आग्रह किया है। यह प्रमाण पत्र 1 जुलाई से 30 सितंबर तक जमा किए जा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य पेंशन प्रक्रिया को सरल, सुगम, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है।
जिला कोषाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पेंशनभोगी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र किसी भी लोकमित्र केंद्र, निकटतम कोष कार्यालय या बैंक शाखा में जाकर बनवा और जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल पर जीवन प्रमाण एप का उपयोग कर भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाया और जमा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से अस्वस्थ तथा डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने में असमर्थ पेंशनभोगियों को चिकित्सक द्वारा प्रमाणित मैनुअल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पेंशनभोगी जिला कोष कार्यालय, किन्नौर से संपर्क कर सकते हैं।
सरकार ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) को अधिकृत माध्यम के रूप में शामिल किया है। आईपीपीबी के माध्यम से यह सुविधा राज्य के प्रत्येक जिला डाकघर में स्थित शाखाओं पर उपलब्ध है। इससे पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया और अधिक सुलभ होगी।