एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संगठन रोहड़ू इकाई की गेट मीटिंग में भाग लेने वाले सदस्य। स्रोत: संघ
रोहड़ू में पेंशनरों की गेट मीटिंग, शिमला रैली में लेंगे भाग
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू। एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संगठन रोहड़ू इकाई की गेट मीटिंग शुक्रवार को नए बस अड्डा में हुई। इसमें दो महीने से निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन न मिलने पर रोष प्रकट किया। पेंशनरों ने कहा कि परिवार का पालन पोषण करना कठिन हो गया है। बैठक में पेंशनरों ने 15 अक्तूबर को शिमला में होने जा रहे धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का निर्णय लिया। पेंशनर कल्याण संगठन रोहड़ू इकाई के अध्यक्ष गुलाब सिंह ने कहा कि 30 से 35 साल तक दिनरात सेवाएं देने के बावजूद सरकार और निगम प्रबंधन उनकी अनदेखी कर रहा है। एचआरटीसी पेंशनरों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। जानबूझकर एचआरटीसी के करीब 9 हजार पेंशनरों को प्रताड़ित किया जा रहा है।