आनी में आयोजित पेंशनर दिवस पर चर्चा करते संघ के सदस्य। स्रोत : संघ
. सिविल पेंशनर संघ ने पेंशनर दिवस पर उठाई मांग
. सरकार से देय डीए और भत्तों के जल्द भुगतान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। सिविल पेंशनर संघ ने आनी में जल्द पेंशनर भवन बनाने की मांग उठाई है। पेंशनर दिवस के मौके पर बुधवार को सिविल पेंशनर एवं सोशल वेल्फेयर एसोसिएशन ने पेंशनर दिवस मनाया। कार्यक्रम में विद्युत बोर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान नवल ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। वरिष्ठ नागरिक सेवानिवृत्त शिक्षक डाॅ. गुलाब सिंह मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में सबसे पहले दो पेंशनर सदस्यों की आकस्मिक मृत्यु पर शोक प्रकट किया गया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया गया। इनमें बली दास और मस्त राम शामिल रहे। मुख्य अतिथि नवल ठाकुर ने पेंशनर दिवस पर सभी पेंशनरों को बधाई दी। उन्होंने प्रदेश सरकार से पेंशनरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। वन विभाग से सेवानिवृत्त अधीक्षक जेआर वर्मा ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित में अपने विचार प्रकट किए। अध्यक्ष दुनी चंद ने कहा कि संघ ने पेंशनर हित के लिए जो मांगें उठाई हैं, उनमें आनी में जल्द पेंशनर भवन बनाने की मांग भी है। इसके अलावा देय डीए के एरियर का भुगतान करने, लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान करने की मांग शामिल है। इसके अलावा आनी प्रशासन से देहुरी खड्ड पर बने पुल के दोनों ओर लोगों के आवागमन के लिए फुटपाथ बनाने की मांग उठाई है। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहर सिंह चौहान, प्रेस सचिव राम सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष फतेह चंद शर्मा, तारा चंद शर्मा, लाल सिंह ठाकुर, धनी राम कटोच, चमन ठाकुर सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।