पथ परिवहन पैंशनर कल्याण संघ रामपुर के पदाधिकारी बैठक के दौरान चर्चा करते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। नए वेतनमान का लाभ नहीं मिलने पर हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन रामपुर ने रोष जताया है। बुधवार को रामपुर में आयोजित बैठक में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से पेंशन संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही हर माह निर्धारित तिथि पर पेंशन देने की गुहार लगाई। बैठक में विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि इन सभी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
संघ के प्रधान वीरभद्र सिंह कायथ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन से जल्द नया वेतनमान लागू करने की मांग की। इसके अतिरिक्त 65, 70 और 75 वर्ष पूरा कर चुके पेंशनरों को 5, 10 और 15 प्रतिशत का लाभ देने की गुहार लगाई। संघ के सदस्यों ने कहा कि डीए का जो लंबित एरियर पड़ा है, उसे सरकार जल्द लागू करे। इस मौके पर महासचिव एचसी जिस्टू, प्रीतम चौहान, प्रताप वर्मा, ओपी ठाकुर, प्रेमराज बाली और एमएल नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।