ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उपमंडल के तहत फागू-नाहोल सड़क पर मंगलवार देर रात कार गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। घायलों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस थाना ठियोग से मिली जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार देर रात की है जब फागू-नाहोल सड़क चार लोग कार में सवार होकर नाहोल की ओर जा रहे थे। इसी बीच नाहोल से कुछ पहले ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे गाड़ी करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में सूरत वर्मा, पुत्र भोला राम निवासी गांव शरेवत, डाकघर देवठी मझगांव, जिला सिरमौर की ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि सुनील निवासी नाहोल, तहसील ठियोग, जिला शिमला और प्रमोद पुत्र जिंदू राम हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि चौथा व्यक्ति राम स्वरूप पूरी तरह से सुरक्षित है। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी और बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा दिया है। थाना प्रभारी ठियोग कुलवीर सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।