नित्थर अस्पताल की सड़क बदहाल होने से मरीजों को हो रही थी दिक्कत
विज्ञापन
विभाग से कई बार शिकायत करने के बाद भी नहीं हो पा रहा था समाधान विभाग ने नहीं सुनी फरियाद तो ग्रामीणों ने सड़क दुरुस्त करने के लिए बढ़ाए हाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)।
सीएचसी नित्थर में मरीजों की दिक्कतों को जब लोक निर्माण विभाग ने अनदेखा कर दिया, तो ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया और सड़क को दुरुस्त कर विभाग को आईना दिखाया। क्षेत्र की छह पंचायतों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीज खस्ताहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे थे। लंबे समय से समाधान न होने के कारण ग्रामीण सड़क सुधारने में जुट गए। नित्थर उपतहसील की करीब छह पंचायतों के एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नित्थर जाने वाली सड़क की हालत काफी लंबे समय से खस्ता बनी हुई थी। सड़क में गहरे गड्ढों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी रास्ते से वीनस पब्लिक स्कूल नित्थर और एसवीएम स्कूल के विद्यार्थी गुजरते हैं। इस सड़क से मरीजों को लेकर 108 एंबुलेंस जाती है। सड़क पर बने गड्ढों से गर्भवती महिलाओं, ऑर्थो के मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही थी लेकिन न तो प्रशासन और न ही पंचायत ने इसको लेकर कोई पहल की। सड़क की खस्ताहालत को देखते हुए रविवार को स्थानीय लोगों राम दास कुल्लवी, संतोष शर्मा, अजय कुमार, सुनील कुमार ने खुद वाहन के जरिये पत्थर इकट्ठे किए। इसके बाद सड़क पर बने गड्ढों पर सोलिंग कर दुरुस्त किया। उन्होंने कहा कि खस्ताहाल सड़क पर गाड़ियों को भी नुकसान पहुंच रहा था। सड़क के साथ डंगा भी गिरा हुआ है। यहां सड़क कभी भी बंद हो सकती है। इसका कार्य भी ग्रामीणों ने स्वयं करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों की यह पहल सरकार और विभागीय अनदेखी को आईना दिखा रही है।
नित्थर में अस्पताल को जाने वाली सडक़ के सुधारीकरण में जुटे स्थानीय लोग। संवाद