एसडीएम की अध्यक्षता में हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। विश्राम गृह नित्थर में मंगलवार को रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक हुई। अध्यक्षता एसडीएम मनमोहन सिंह ने की। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नित्थर में खाली चल रहे चिकित्सक, स्टाफ नर्स समेत अन्य कर्मचारियों के पदों के मुद्दे भी जोर-शोर से उठे। एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि
उपतहसील नित्थर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र सुधारीकरण के कार्य करें। पेयजल समस्या को प्राथमिकता के साथ दूर करें। संपर्क मार्ग को भी लोक निर्माण विभाग के अधीन लाने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करें। बैठक में आय-व्यय का ब्योरा रखा और आगामी वित्त वर्ष के लिए वार्षिक बजट पेश किया गया। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए बैठक में करीब सवा तीन लाख का बजट पास किया गया। बैठक में मरीजों की सुविधाओं के लिए आगामी रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में बीडीसी अध्यक्ष निरमंड दलीप ठाकुर, नित्थर पंचायत प्रधान जगदीश ठाकुर, प्रदीप रंगून, सिकंदर ठाकुर सहित कई अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि आरकेएस की बैठक में मरीजों और तीमारदारों के लिए सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल में एक्सरे मशीन समेत अन्य यंत्र उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावित क्षेत्र की परियोजना को सीएसआर के तहत मुहैया करवाने के भी निर्देश दिए गए।